कृष्णा नदी के किनारे चलाया सफाई अभियान, ली स्वच्छता की शपथ
कृष्णा नदी के किनारे चलाया सफाई अभियान, ली स्वच्छता की शपथ

नगर पंचायत थानाभवन व जिला गंगा समिति द्वारा संयुक्त रूप से कार्यक्रम का आयोजन
थानाभवन। नगर पंचायत थानाभवन व जिला गंगा समिति द्वारा संयुक्त रूप से बुधवार को थानाभवन स्थित कृष्णा नदी के किनारे स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस मौके पर सामूहिक स्वच्छता की शपथ भी दिलायी गयी।
जानकारी के अनुसार बुधवार को थानाभवन स्थित कृष्णा नदी पर नगर पंचायत थानाभवन व जिला गंगा समिति द्वारा कृष्णा नदी के किनारे फैले कचरे एवं नदी के जल में मौजूद अपशिष्ट को बाहर निकालने के उद्देश्य से विशेष सफाई अभियान एवं सामूहिक स्वच्छता बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व नगर पंचायत थानाभवन के अधिशासी अधिकारी जितेन्द्र राणा द्वारा किया गया। इस अवसर पर अनुज सैनी के प्रतिष्ठान पर वार्डवासियों के साथ सामूहिक स्वच्छता बैठक आयोजित की गई, जिसमें स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। बैठक के दौरान नगर पंचायत कर्मचारी द्वारा लोगों को नदी एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने, कूड़ा-कचरा नदी में न डालने तथा नियमित सफाई के प्रति जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि नदी हमारी सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक धरोहर है, इसके संरक्षण में जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है। सफाई अभियान के अंतर्गत कृष्णा नदी के किनारे से कचरा एवं अपशिष्ट हटाया गया तथा लोगों को स्वच्छ गंगा एवं स्वच्छ भारत के संदेश के महत्व को समझाया गया। इस अभियान में नगर पंचायत कर्मियों, वार्डवासियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी रही। अधिशासी अधिकारी जितेन्द्र राणा ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य जन-जागरूकता के माध्यम से नदी स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना रहा।





















































