एन.ए. पब्लिक स्कूल के वार्षिक समारोह में मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित
एन.ए. पब्लिक स्कूल के वार्षिक समारोह में मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित

कैराना (शामली)।
मुग़ल गार्डन परिसर में एन.ए. पब्लिक स्कूल, कैराना का वार्षिक सांस्कृतिक समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम शुक्रवार को हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शैक्षिक सत्र 2024-25 के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ नाअत-ए-पाक के साथ हुआ, जिससे समारोह का वातावरण भावपूर्ण एवं रूहानी हो गया। इस अवसर पर दिल्ली से पधारीं मुख्य अतिथि मिसेज विचित्र राजपूत, मिसेज नाज़नीन, मिसेज यास्मीन एवं मिसेज ज़ररीन का विद्यालय परिवार द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत किया गया।

पुरस्कार वितरण के दौरान कक्षा एक की छात्रा अनाबिया एवं कक्षा आठ की छात्रा ज़ारा को उत्कृष्ट परीक्षा परिणामों के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर परिश्रम के लिए प्रेरित किया।

समारोह में नर्सरी एवं केजी कक्षा के नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही। विभिन्न वेशभूषाओं में बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम का सफल संचालन एंकर सलमान यूनुस अंसारी एवं मिसेज नाज़िया आदिल ने प्रभावशाली अंदाज में किया।
विद्यालय के डायरेक्टर सलीम अहमद एवं प्रधानाचार्या मिस नीतू सिरोही ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस अवसर पर पूर्व शिक्षिकाएं मिसेज इशरत एवं मिसेज फातिमा भी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सर इमरान, मौलाना मुबीन, मौलाना बिलाल, सर अब्दुस समद सहित समस्त विद्यालय स्टाफ एवं अभिभावकों का विशेष सहयोग रहा। अंत में डायरेक्टर सलीम अहमद ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।





















































