शहर ने ओढी कोहरे की सफेद चादर, ठंड से बेहाल हुए शहरवासी
शहर ने ओढी कोहरे की सफेद चादर, ठंड से बेहाल हुए शहरवासी
कोहरे के कारण दृश्यता भी रही बेहद कम, कुछ दूरी भी साफ नजर नहीं आया
हाइवे पर स्थिति रही ज्यादा विकट, वाहन चालकों को झेलनी पडी परेशानी

शामली। बुधवार को सीजन का सबसे घना कोहरा देखने को मिला। शहर को कोहरे की सफेद चादर ने पूरी तरह ढक रखा था, सबसे ज्यादा विकट स्थिति हाइवों पर देखने को मिली जहां कुछ दूरी का भी साफ नजर न आने से वाहन चालकों को बेहद कठिनाईयांे का सामना करना पडा। दृश्यता कम रहने से वाहन रेंगने पर मजबूर हो गए।
जानकारी के अनुसार दिसम्बर का महीना आधे से अधिक गुजर गया है और कोहरे व ठंड में भी इजाफा हो रहा है। बुधवार को इस सीजन का सबसे घना कोहरा देखने को मिला। कोहरे की सफेद चादर ने शहर को पूरी तरह ढंक रखा था जिसके कारण कुछ दूरी का भी साफ नजर नहीं आ रहा था। हाइवों पर स्थिति और ज्यादा विकट रही, कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम रहने से वाहन चालकों को कठिनाईयों का सामना करना पडा, चालकों को वाहनों की लाइट जलाकर रेंगते हुए चलना पडा। वहीं दुपहिया वाहन चालकों को भी काफी परेशानी हुई। कोहरे के साथ-साथ ठंड से भी लोग मुहाल नजर आए। सुबह के समय लोग पूरी तरह गर्म कपडों में दिखाई दिए। वहीं प्रतिदिन दिल्ली व अन्य स्थानों पर काम पर जाने वाले लोग भी रेलवे स्टेशन पर ठिठुरते दिखे। दोपहर के समय कोहरे का असर कुछ कम हुआ लेकिन धूप भी बेहद कम रही। कई जगह सुबह के समय लोगों को अलाव पर हाथ तापते भी देखा गया।





















































