वर्ल्ड हेरिटेज डे पर छात्रों ने ली धरोहर संरक्षण की शपथ

वर्ल्ड हेरिटेज डे पर छात्रों ने ली धरोहर संरक्षण की शपथ


कैराना। सेंट आर.सी. साइंटिफिक कॉन्वेंट स्कूल में शुक्रवार को विश्व धरोहर दिवस (वर्ल्ड हेरिटेज डे) उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण की शपथ ली तथा इसके प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने छात्रों को मानव सभ्यता से जुड़े ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि धरोहर स्थल केवल इमारतें या अवशेष नहीं, बल्कि हमारी पहचान और इतिहास का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इनका संरक्षण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
सामाजिक विज्ञान शिक्षिका कल्पना तोमर ने कहा कि हमारी विरासत हमें हमारे अतीत से जोड़ती है और इसे सुरक्षित रखना भविष्य की पीढ़ियों के लिए जरूरी है। वहीं विद्यालय निदेशक यशपाल पंवार ने छात्रों को शपथ दिलाई और उन्हें अपने आसपास के ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण के लिए प्रेरित किया।


उन्होंने बताया कि भारत में 40 से अधिक विश्व धरोहर स्थल हैं, जिनमें ऐतिहासिक स्मारक, सांस्कृतिक स्थल और प्राकृतिक धरोहरें शामिल हैं। छात्रों से अपील की गई कि वे अपने आसपास के ऐसे स्थलों की पहचान कर उनके संरक्षण में योगदान दें।
इस दौरान लोकेश सिंह, प्रशांत शर्मा, अंकित चौहान, विवेक चौहान, अमित वर्मा, प्रमोद कुमार, शुभम कश्यप और मीनाक्षी चौधरी सहित कई लोग उपस्थित रहे।