भास्कर इंटरनेशनल स्कूल, कैराना मे अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण से छात्रों को किया जागरूक

भास्कर इंटरनेशनल स्कूल, कैराना
अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण से छात्रों को किया जागरूक


कैराना। उत्तर प्रदेश अग्निशमन तथा आपात सेवा अधिनियम 2022 के अंतर्गत चल रही अग्निसचेतक योजना के तहत भास्कर इंटरनेशनल स्कूल कैराना में छात्रों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में अग्निशमन विभाग द्वारा छात्रों को आग लगने के कारण, रोकथाम के उपाय तथा आपात स्थिति में अपनाए जाने वाले आवश्यक कदमों की विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने बताया कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अग्नि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए विभाग द्वारा समय-समय पर विभिन्न जागरूकता अभियान चलाए जाते हैं, जिससे आग की घटनाओं में कमी लाई जा सके।
जानकारी देते हुए बताया गया कि प्रदेश में प्रतिवर्ष हजारों अग्निकांड होते हैं, जिनमें भारी धन-संपत्ति की हानि के साथ-साथ जनहानि भी होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए युवाओं एवं विद्यार्थियों को प्रशिक्षित करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे समय पर सही कदम उठाकर नुकसान को कम कर सकें।
प्रशिक्षण के दौरान छात्रों को आग बुझाने की विभिन्न विधियों, प्राथमिक उपचार, स्थानीय संसाधनों के उपयोग, अग्निशमन उपकरणों की जानकारी तथा आपदा के समय समन्वय स्थापित करने के तरीकों के बारे में बताया गया। साथ ही घर, बहुमंजिला भवन, पेट्रोल पंप, पंडाल, गोदाम, कार्यालय, सिनेमा हॉल एवं औद्योगिक क्षेत्रों में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की भी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर छात्रों को फायर कंट्रोल रूम (101) एवं पुलिस कंट्रोल रूम (112) के नंबर याद रखने के लिए भी प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा और छात्रों ने प्रशिक्षण में उत्साहपूर्वक भाग लिया।