ढोल बजाने का लालच देकर बंधक बनाने के प्रकरण में दो और गिरफ्तार

ढोल बजाने का लालच देकर बंधक बनाने के प्रकरण में दो और गिरफ्तार

कैराना। ढोल बजाने के कार्य का लालच देकर दो युवकों को बंधक बनाकर मारपीट करने व जबरन वसूली करने के आरोप में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा है। मामले में शामिल दो महिला आरोपियों को पुलिस पूर्व में गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से वसूले गए चार हजार रुपये की धनराधि बरामद हुई है।

कस्बे के मोहल्ला पंसारियान वाल्मीकि बस्ती कस्बा कैराना निवासी आतिश ने विगत 25 जनवरी को कोतवाली पर तहरीर देकर कुछ लोगो पर उसे व उसके साथी आशु को ढोल बजाने के कार्य का लालच देकर बंधक बनाने, विरोध करने पर मारपीट करके घायल करने व जबरन वसूली करने के आरोप लगाए थे। पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच शुरू की गई, जिसमें युवक द्वारा लगाए गए आरोप सत्य पाए गए। पुलिस ने मामले में शामिल महिला आरोपी जुल्लो व आसमा निवासीगण मोहल्ला आर्यपुरी कस्बा कैराना को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। पकड़ी गई महिला आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने जबरन वसूले गए दो हजार रुपये व एक मोबाइल फोन बरामद होने का दावा किया था। मंगलवार को पुलिस ने मामले में शामिल दो और आरोपियों को कस्बे के शामली बाईपास पर स्थित अंडरपास के निकट से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में अपना नाम व पता कासिम निवासी ग्राम बरनावी व तनवीर निवासी मोहल्ला बिसातयान कस्बा कैराना बताया। वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री ने बताया कि मामले में शामिल दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इससे पूर्व मामले में शामिल दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा था।
—————–