सचिवालय में गूंजी कैराना के किसानों की आवाज वन विभाग के नोटिसों से परेशान किसानों का मुद्दा मुख्यमंत्री तक पहुंचा

सचिवालय में गूंजी कैराना के किसानों की आवाज वन विभाग के नोटिसों से परेशान किसानों का मुद्दा मुख्यमंत्री तक पहुंचा

Puneet Goel 

लखनऊ/शामली। कैराना क्षेत्र के किसानों की समस्याओं को लेकर पूर्व मंत्री व वर्तमान विधान परिषद सदस्य वीरेंद्र चौहान ने सोमवार को लखनऊ स्थित सचिवालय में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। उन्होंने कैराना विधानसभा क्षेत्र के 32 से अधिक गांवों में किसानों को वन विभाग द्वारा भेजे गए नोटिसों से उत्पन्न स्थिति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
वीरेंद्र चौहान ने मुख्यमंत्री को बताया कि इन नोटिसों के कारण किसानों में भय और असमंजस की स्थिति बनी हुई है। खेत-खलिहान और आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरे प्रकरण को गंभीरता से सुना और उचित समाधान का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के उपरांत वीरेंद्र चौहान ने वन विभाग के प्रमुख सचिव से भी बातचीत की। प्रमुख सचिव ने किसानों की समस्या को गंभीर बताते हुए उन्हें अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर देने का भरोसा दिलाया।
इस दौरान कैराना विधानसभा से विधायक पद के उम्मीदवार व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मनीष चौहान भी साथ मौजूद रहे और किसानों के हित में हरसंभव प्रयास किए जाने की बात कही।
कैराना के किसानों की समस्याओं को लेकर हुई इस पहल के बाद क्षेत्र में समाधान की उम्मीद जगी है। किसानों का मानना है कि अब मामला केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जल्द ही इसका ठोस निस्तारण होगा।