दुकान के बाहर कूड़े के ढेर से दुकानदार परेशान, कार्रवाई न होने पर जताई नाराज़गी
दुकान के बाहर कूड़े के ढेर से दुकानदार परेशान, कार्रवाई न होने पर जताई नाराज़गी

कैराना। नगर के मोहल्ला जैर अंसारियान में स्वास्थ्य सेवाएं देने वाले एक दुकानदार
को अपनी दुकान के बाहर फैली गंदगी के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उसने कई बार लोगों को समझाने और नगर पालिका से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान न होने का आरोप लगाया है।
मोहल्ला निवासी सुहैल ने बताया कि उनकी हैल्थ केयर नाम से दुकान नम्बरदार की चक्की के निकट स्थित है। उनका आरोप है कि कुछ लोग प्रतिदिन उनकी दुकान के सामने भारी मात्रा में कूड़ा डाल जाते हैं, जिससे वहां दुर्गंध फैलने के साथ-साथ मरीजों और आसपास के लोगों को भी असुविधा होती है। उन्होंने बताया कि कई बार लोगों को कूड़ा न डालने के लिए समझाया गया, लेकिन इसके बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।
सुहैल का कहना है कि इस संबंध में नगर पालिका अध्यक्ष से भी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने प्रशासन और नगर पालिका से मांग की है कि दुकान के सामने कूड़ा डलवाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए तथा क्षेत्र की नियमित सफाई कराकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि आमजन और मरीजों को स्वच्छ वातावरण मिल सके।





















































