सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप, पांच माह बाद भी कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी

सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप, पांच माह बाद भी कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी
मेनरोड की पटरी पर अतिक्रमण कर बनाए मकान और दुकानें, जिलाधिकारी से लगाई कार्रवाई की गुहार

पुनीत गोयल


शामली/कैराना। क्षेत्र में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। ग्राम इशापुर खुरगान निवासी समाजसेवी जमशेद अली ने जिलाधिकारी शामली को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर कैराना-खुरगान मार्ग और ग्राम मलकपुर में मेनरोड की पटरी पर किए गए कथित अवैध अतिक्रमण को हटवाने की मांग की है।
जमशेद अली ने अपने शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि कैराना से ग्राम इशापुर खुरगान जाने वाले मार्ग पर ग्राम मलकपुर से पहले तथा कैराना के खुरगान रोड पर कुछ लोगों ने सड़क की पटरी की सरकारी भूमि पर मकान और दुकानें बनाकर अवैध कब्जा कर रखा है। इतना ही नहीं, मलकपुर में सड़क किनारे सरकार द्वारा लगाए गए पेड़ों को भी कथित रूप से अवैध कब्जे में शामिल कर लिया गया है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि वर्तमान समय में सरकार द्वारा सड़कों का चौड़ीकरण कराया जा रहा है, जिससे यातायात सुगम हो सके और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। इसके बावजूद सड़क की सरकारी भूमि पर अतिक्रमण होने से सड़क चौड़ीकरण और यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी भूमि पर लगातार अवैध कब्जे बढ़ते जा रहे हैं, लेकिन संबंधित अधिकारी इस मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार, इस संबंध में करीब पांच माह पूर्व संपूर्ण समाधान दिवस में भी प्रार्थना पत्र दिया गया था, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
जमशेद अली ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले का संज्ञान लेकर सड़क के दोनों ओर सरकारी भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को तत्काल हटवाया जाए तथा सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में जिम्मेदार लोगों और लापरवाही बरतने वाले संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही सरकारी संपत्ति को हुए नुकसान की भरपाई भी कराई जाए।
अब देखना यह होगा कि जिलाधिकारी के स्तर से इस शिकायत पर क्या कार्रवाई होती है और सरकारी भूमि को अवैध कब्जों से कब तक मुक्त कराया जाता है।