विवाहिता को जहर देकर हत्या के प्रयास का आरोप, हंगामा
विवाहिता को जहर देकर हत्या के प्रयास का आरोप, हंगामा
कैराना। मोहल्ला रेतेवाला में विवाहिता को जहर देकर हत्या के प्रयास का आरोप लगाया गया है। विवाहिता की माँ व भाई ने मौके पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। विवाहिता को शामली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बुधवार सुबह कस्बे के मोहल्ला दरबारखुर्द रेतेवाला में एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। विवाहिता का मायका भी कस्बे के मोहल्ला दरबारकलां में बताया गया है। मामले की जानकारी होने पर विवाहिता की माँ व भाई भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने सुसराल पक्ष के लोगो पर जबरदस्ती जहर देकर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया। विवाहिता के परिजनों की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। जहां पर पुलिस ने मामले की जानकारी हासिल की। विवाहिता को परिजन कस्बे के एक निजी क्लीनिक पर लेकर गए। जहां पर चिकित्सक ने उन्हें विवाहिता की स्थिति ठीक होने की बात कहकर घर भेज दिया। बताया जा रहा है कि इसके बाद परिजन विवाहिता को शामली के कैराना रोड पर स्थित एक निजी अस्पताल में लेकर गए। जहां पर निजी चिकित्सक ने महिला को उपचार के लिए भर्ती कर लिया। महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है। महिला के परिजनों ने सुसराल पक्ष के लोगो पर जहर देकर हत्या के प्रयास का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। वहीं, कस्बे की इमामगेट चौकी प्रभारी एसआई गौरव चौहान ने बताया कि महिला को जहरीला पदार्थ दिए जाने की सूचना पर वह टीम के साथ में मौके पर गए थे। तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच करके अग्रिम विधिक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
——————





















































