करोडों की ठगी करने वाला मुंबई का कास्टिंग डायरेक्टर पत्नी सहित गिरफ्तार

पुलिस को देशभर में 41 ठगी की शिकायतों का मिला लिंक, गिरोह की तलाश में जुटी पुलिस
शामली के पंजाब नेशनल बैंक में खोला गया था करंट अकाउंट
शामली। शामली साइबर थाना पुलिस व साइबर सेल टीम ने म्यूल अकाउंट के जरिये करोडों रुपये की ठगी करने वाले एक दंपत्ति को गिरफ्तार किया है। पकडा गया आरोपित मुंबई में कास्टिंग डायरेक्टर है।
बुधवार को पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी एनपी सिंह ने बताया कि साइबर क्राइम थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने म्यूल अकाउंट के जरिए करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक दंपति को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के बैंक खाते से अब तक देश भर में 41 ठगी की शिकायतों का लिंक मिला है, जिनमें कुल एक करोड, 77 लाख, 24 हजार की धोखाधड़ी की गई है। जांच के दौरान पालिका बाजार स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एक करंट अकाउंट में संदिग्ध गतिविधियां पाई गईं। साइबर थाना पुलिस द्वारा की गयी जांच पडताल मंे सामने आया कि 8 अप्रैल 2024 को एक दिन के भीतर इस खाते में 98 लाख 38 हजार 276 रुपये क्रेडिट हुए थे। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित के नाम हिमांक प्रशांत कनव निवासी मुंबई महाराष्ट्र व उसकी पत्नी सुरभि भार्गव निवासी गगन विहार है। हिमांक मुंबई में विज्ञापन एजेंसी में कांस्टिंग डायरेक्टर है जहां उसकी मुलाकात राघव नाम के एक व्यक्ति से हुई थी। राघव के जरिये हिमांक दिल्ली में एक युवक हर्षित से मिला। हर्षित ने उसे फिल्म प्रोजेक्ट के लिए फंडिंग व कमीशन का लालच देकर एक करंट अकाउंट खोलने को कहा जिसके बाद हिमांक व उसकी पत्नी सुरभि ने पंजाब नैशनल बैंक पालिका बाजार शामली में हिमांक प्रशान्त कैमेक्ट नेटवर्क प्राइवेट लिमिटेड़ नाम से एक करंट एकाउन्ट खुलवाया और अपने खाते का पूरा एक्सिस हर्षित को सौंप दिया जिसने रिहान नाम के व्यक्ति को लखनऊ भेजा था। इसके बाद टेलीग्राम और व्हाट्अप के जरिये लोगों से ठगी का धंधा शुरू किया गया। एसपी ने बताया कि अब पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यांे की तलाश में जुट गयी है।





















































