नियमों के उल्लंघन पर न्यू हाईट एकेडमी की सदस्यता निरस्त
नियमों के उल्लंघन पर न्यू हाईट एकेडमी की सदस्यता निरस्त

कैराना, शामली | 17 फरवरी 2026 (मंगलवार)
उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त विद्यालय महासभा इकाई कैराना की एक महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को डी.के. कॉन्वेंट स्कूल में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महासभा के अध्यक्ष शहजाद एडवोकेट ने की, जिसमें क्षेत्र के अनेक विद्यालय संचालक उपस्थित रहे।

बैठक में संगठन के नियमों का पालन न करने पर न्यू हाईट एकेडमी कैराना की सदस्यता सर्वसम्मति से निरस्त कर दी गई। इस निर्णय को लेकर सभी सदस्यों ने एकमत सहमति जताई।
बैठक में आगामी शैक्षिक सत्र को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। तय किया गया कि सभी विद्यालयों में वार्षिक परीक्षाएं मार्च माह में आयोजित की जाएंगी। साथ ही, बिना ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टी.सी.) के किसी भी छात्र को प्रवेश नहीं देने का निर्णय लिया गया। यदि कोई विद्यालय 31 जुलाई तक टी.सी. प्रस्तुत नहीं करता है तो उस पर 10,000 रुपये का आर्थिक दंड लगाया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, यह भी निर्णय लिया गया कि सत्र के मध्य कोई भी विद्यालय अन्य विद्यालय के शिक्षक को नियुक्त नहीं करेगा। बैठक में नई कार्यकारिणी के गठन हेतु 27 मार्च 2026 को एस.एन. इंटर कॉलेज कैराना में अगली बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर महासभा के संरक्षक के रूप में डी.के. स्कूल के प्रबंधक राज कुमार सेन, आर.सी. स्कूल के प्रबंधक यशपाल पवार, एन.ए. कॉन्वेंट स्कूल के प्रबंधक सलीम अंसारी सहित अन्य विद्यालय संचालक उपस्थित रहे।
बैठक में लिए गए सभी निर्णय सर्वसम्मति से पारित किए गए तथा अंत में जलपान के साथ बैठक का समापन हुआ।





















































