युवक की संदिग्ध परिस्थितियों मंें मौत, दोस्त पुलिस हिरासत में

युवक की संदिग्ध परिस्थितियों मंें मौत, दोस्त पुलिस हिरासत में

 

देर रात अचेत हालत में युवक को घर छोडने आया था दोस्त, कुछ देर बाद हुई मौत
नशे का आदी बताया जा रहा है मृतक, पीएम रिपोर्ट आने के बाद होगा मौत के सही कारणों का खुलासा
शामली। कस्बा गढीपुख्ता में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। परिजनों ने युवक के दोस्त पर ही उसे मृत हालत में घर छोडने का आरोप लगाते हुए गढीपुख्ता थाने पर तहरीर दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए एक आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कस्बा गढीपुख्ता के मौहल्ला सुभाषपुरी निवासी 25 वर्षीय शिवम पुत्र विनोद अपने दोस्त प्रयास पुत्र श्याम सिंह के साथ घर से किसी काम से झिंझाना गया था। देर रात तक शिवम के घर न पहुंचने पर परिजनों को चिंता हुई तो उन्होंने शिवम की खोजबीन शुरू कर दी। देर रात करीब साढे नौ बजे प्रयास शिवम को अचेत अवस्था में उसके घर लेकर पहुंचा, शिवम के चाचा के लडके ने जब उसे शिवम को कमरे में लिटाने को कहा तो प्रयास उसे गेट पर ही छोडकर एक अन्य युवक के साथ वहां से भाग खडा हुआ। जब तक परिजन शिवम को उठाते, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। शिवम की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों की सूचना पर गढीपुख्ता पुलिस मौके पर पहुंची तथा मामले की जानकारी लेने के बाद शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक के पिता विनोद ने शिवम के दोस्त प्रयास व उसके साथियों के खिलाफ गढीपुख्ता थाने पर तहरीर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रयास पुत्र श्यामकुमार को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस की जांच पडताल में सामने आया कि शिवम और प्रयास गढीपुख्ता के दो अन्य युवकों के साथ बाइक पर झिंझाना गए थे जिसके बाद पुलिस ने दो अन्य युवकों को भी हिरासत में ले लिया। पूछताछ करने पर युवकों ने बताया कि उन्हांेने शिवम और प्रयास को झिंझाना मंे ही छोड दिया था, इसके बाद उन्हंे कुछ पता नहीं है। वहीं शिवम के दोस्त प्रयास ने पुलिस ने बताया कि शिवम नशे का आदी था और उसने झिंझाना के एक होटल मंे नशा किया था लेकिन नशे की अधिक मात्रा में सेवन के कारण उसकी मौत हो गयी। गढीपुख्ता थाना प्रभारी देशराज सिंह ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर एक युवक प्रयास को हिरासत में लिया गया है, पुलिस मामले की जांच पडताल कर रही है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। वहीं शिवम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।