कैराना की ‘पलंग तोड़’ मिठाई का विदेशों तक परचम, साधू स्वीट्स के संचालक ने पत्रकारों व व्यापारियों को दिया सफलता का श्रेय
कैराना की ‘पलंग तोड़’ मिठाई का विदेशों तक परचम, साधू स्वीट्स के संचालक ने पत्रकारों व व्यापारियों को दिया सफलता का श्रेय

कैराना। कभी पलायन के मुद्दे को लेकर चर्चा में रहने वाला कैराना आज अपनी पारंपरिक ‘पलंग तोड़’ मिठाई की बदौलत देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी एक नई पहचान बना रहा है। अपनी अनूठी मिठास और विशेष स्वाद के कारण यह मिठाई अब कैराना की शान बन चुकी है।
इसी उपलब्धि के उपलक्ष्य में नगर के प्रतिष्ठित साधू स्वीट्स पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रतिष्ठान के संचालक राकेश गर्ग (टीटू) ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रसिद्ध मिठाई की शुरुआत उनके दादाजी ने वर्षों पहले की थी। तब से लेकर आज तक उनका परिवार उसी पारंपरिक विधि और गुणवत्ता के साथ इस मिठाई का निर्माण करता आ रहा है।
राकेश गर्ग ने बताया कि ‘पलंग तोड़’ मिठाई लंबे समय तक सुरक्षित रहती है और स्वास्थ्य के लिए भी नुकसानदायक नहीं होती। इसकी गुणवत्ता और विशिष्ट स्वाद के कारण इसकी मांग लगातार बढ़ रही है तथा यह विदेशों तक अपनी अलग पहचान बना चुकी है।
उन्होंने कहा कि आज यदि कैराना की यह पारंपरिक मिठाई अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रही है तो इसमें स्थानीय पत्रकारों और व्यापारियों का सबसे बड़ा योगदान है। पत्रकारों ने समाचारों और विभिन्न माध्यमों से इस मिठाई को देश-दुनिया तक पहुंचाया, जबकि व्यापारियों ने इसे लोगों तक पहुंचाने और इसकी प्रतिष्ठा बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने सभी पत्रकारों एवं व्यापारियों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से ही कैराना की यह मिठास आज सीमाओं को पार कर विदेशों तक पहुंची है।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी कैराना की इस ऐतिहासिक मिठाई की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे नगर के गौरव का प्रतीक बताया।





















































