फिटनेस इनफ्लुएंसर प्रिंस चंद्रा ने हासिल की फिल्मी दुनिया में शानदार उपलब्धि

फिटनेस इनफ्लुएंसर प्रिंस चंद्रा ने हासिल की फिल्मी दुनिया में शानदार उपलब्धि

पुनीत गोयल

साउथ इंडियन फिल्म में पुलिस अधिकारी की भूमिका के लिए हुआ चयन, संजय कपूर व ईशिता दत्ता के साथ किया काम
कैराना।
फिटनेस के क्षेत्र में अपनी पहचान बना चुके फिटनेस इनफ्लुएंसर प्रिंस चंद्रा ने अब फिल्मी दुनिया में भी कदम रखते हुए शानदार उपलब्धि हासिल की है। लंबे समय से फिल्मों में काम करने के लिए ऑडिशन दे रहे प्रिंस चंद्रा का चयन देहरादून के एक कास्टिंग डायरेक्टर द्वारा साउथ इंडियन फिल्म में पुलिस अधिकारी की भूमिका के लिए किया गया।
फिल्म में प्रिंस चंद्रा को बॉलीवुड अभिनेता संजय कपूर तथा अभिनेत्री ईशिता दत्ता के साथ काम करने का अवसर मिला। ईशिता दत्ता को फिल्म दृश्यम में उनके अभिनय के लिए भी जाना जाता है। इसके अलावा प्रिंस चंद्रा ने फिल्म में कई अन्य साउथ इंडियन कलाकारों के साथ भी काम किया।
प्रिंस चंद्र ने बताया कि वह काफी समय से फिल्मों में काम करने के लिए लगातार ऑडिशन दे रहे थे। उनकी मेहनत और लगन का परिणाम उन्हें साउथ इंडियन फिल्म में महत्वपूर्ण भूमिका मिलने के रूप में मिला। पुलिस अधिकारी के किरदार में नजर आने को लेकर वह काफी उत्साहित हैं।
प्रिंस चंद्र का कहना है कि फिटनेस के क्षेत्र में काम करने के साथ-साथ उनका सपना अभिनय की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाना है। इस अवसर ने उनके आत्मविश्वास को और मजबूत किया है तथा वह भविष्य में भी अच्छे प्रोजेक्ट्स में काम करने के लिए प्रयासरत रहेंगे।
प्रिंस चंद्र की इस उपलब्धि पर उनके प्रशंसकों, दोस्तों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल फिल्मी भविष्य की कामना की है।