शामली में दिव्यांग महिला एवं पुत्र का दिनदहाड़े अपहरण
शामली में दिव्यांग महिला एवं पुत्र का दिनदहाड़े अपहरण
परिजनों ने पति पर लगाया आरोप, मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा
पुनीत गोयल

शामली। जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित दिल्ली–मेरठ बस स्टैंड से शुक्रवार सुबह एक दिव्यांग महिला तथा उसके छोटे पुत्र का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया गया। परिजनों का आरोप है कि घटना के बावजूद पुलिस ने अब तक कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया है।

सूत्रों के अनुसार, प्रातः लगभग 10:30 बजे रेलपार निवासी श्रीमती कीर्ति शर्मा अपनी बहन एवं बेटे के साथ मेरठ जाने हेतु बस की प्रतीक्षा कर रही थीं। इसी बीच उनकी ससुराल से विवादित पति कपिल शर्मा अपने साथियों के साथ वहां पहुँचा और बलपूर्वक कीर्ति तथा उनके पुत्र को वाहन में बैठाकर ले गया। इस दौरान कीर्ति ने अपनी बहन को अपहरण से बचाने का प्रयास किया, किंतु वह सफल न हो सकी।
परिजनों का कहना है कि कीर्ति एवं कपिल के मध्य पारिवारिक विवाद विगत कई वर्षों से चला आ रहा है तथा मामला कैराना न्यायालय में विचाराधीन है। वर्ष 2017 में विवाह के कुछ ही समय पश्चात दांपत्य जीवन में कलह आरंभ हो गया था। इसके उपरान्त कीर्ति अपने मायके में रहकर ही पुत्र का पालन-पोषण कर रही थीं।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस ने घटना उपरान्त आरोपी से संपर्क स्थापित कर अपहृता से बातचीत भी कराई, किन्तु तत्काल कार्रवाई करने के बजाय अगले दिन का समय दिया गया।
मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह से संपर्क करने पर पुलिस प्रवक्ता परिवेन्द्र सिंह ने केवल इतना कहा कि विषय पर आगे जानकारी दी जाएगी। घटना के पश्चात पीड़ित परिवार में गहरा आक्रोश व्याप्त है।

















































