मेरठ में बड़ा हादसा टला : गर्लफ्रेंड से नाराज होकर युवक ने लगाई फांसी, डायल-112 के जाबांज सिपाही ने दिया नया जीवन
मेरठ में बड़ा हादसा टला : गर्लफ्रेंड से नाराज होकर युवक ने लगाई फांसी, डायल-112 के जाबांज सिपाही ने दिया नया जीवन
Puneet Goel

,मेरठ।मेरठ शहर में सोमवार को उस समय बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक युवक ने गर्लफ्रेंड से नाराज होकर फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की। गनीमत रही कि मौके पर पहुंचे डायल-112 के सिपाही सिद्धांत तोमर ने साहस और सतर्कता का परिचय देते हुए न केवल दरवाजा तोड़कर युवक को फंदे से उतारा, बल्कि सीपीआर (CPR) देकर उसकी सांसें भी लौटा दीं।
घटना का पूरा विवरण
जानकारी के अनुसार, युवक विशाल (25) का अपनी गर्लफ्रेंड से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसी कारण उसने घर में खुद को बंद कर फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। आस-पास के लोगों ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही सिपाही सिद्धांत तोमर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
जाबांज सिपाही की सूझबूझ
दरवाजा अंदर से बंद था और युवक फंदे पर लटका हुआ दिखाई दे रहा था। स्थिति को गंभीर समझते हुए सिपाही सिद्धांत तोमर ने बिना देर किए दरवाजा तोड़कर युवक को नीचे उतारा। उस समय विशाल की सांसें थम चुकी थीं। तुरंत ही सिद्धांत ने सीपीआर (हृदय और सांस की प्रक्रिया को चालू करने वाली तकनीक) देना शुरू किया। कुछ ही देर में विशाल ने सांस लेना शुरू कर दिया।
समय पर अस्पताल पहुंचाया गया
जैसे ही युवक की सांसें लौटीं, डायल-112 की टीम ने फौरन उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने बताया कि यदि समय पर सीपीआर न दिया जाता तो युवक की जान नहीं बच पाती।
लोगों ने की सराहना
इस साहसिक कार्य के बाद क्षेत्र के लोगों ने डायल-112 सिपाही सिद्धांत तोमर की जमकर प्रशंसा की। लोगों का कहना है कि सिद्धांत की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता ने एक घर को उजड़ने से बचा लिया।
पुलिस विभाग में गर्व
वहीं, इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग के अधिकारियों ने भी सिद्धांत तोमर की हौसला-अफजाई की। अधिकारियों का कहना है कि डायल-112 केवल कानून-व्यवस्था ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा और जीवन रक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

















































