मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं को किया जागरूक महिलाओं व छात्राओं को सरकार की हेल्पलाइन व योजनाओं की दी जानकारी

मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं को किया जागरूक
महिलाओं व छात्राओं को सरकार की हेल्पलाइन व योजनाओं की दी जानकारी

 


शामली। थानाभवन क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय ग्राम खेड़ा गदाई में मिशन शक्ति 5.0 टीम ने छात्राओं और शिक्षकों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम में उपनिरीक्षक हरपाल सिंह और महिला हेड कांस्टेबल नीतू ने छात्र-छात्राओं, अध्यापकों और अध्यापिकाओं को विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी दी। उपनिरीक्षक हरपाल सिंह ने नए आपराधिक कानूनों में बदलाव, दंड प्रक्रिया, न्याय प्रक्रिया और अपराध के प्रकारों के साथ उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कानून नागरिकों की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं, इसलिए हर छात्र-छात्रा को इनके बारे में जानकारी होना बेहद आवश्यक है। महिला हेड कांस्टेबल नीतू ने महिला सशक्तिकरण, छेड़खानी और बाल अपराध जैसी संवेदनशील विषयों पर छात्राओं को जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं के लिए उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों के माध्यम से त्वरित सहायता प्राप्त करने और कानूनी अधिकारों के बारे में अवगत कराया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री की विशेष योजनाएं जैसे बेटी पढ़ाओ-बेटी बचाओ, मुख्यमंत्री सुकन्या सुमंगला योजना और समूह योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई और बताया गया कि इन योजनाओं का लाभ आमजन तक कैसे पहुंचाया जा सकता है। वहीं बाबरी मंे भी मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीम ने बुधवार को शामली बस स्टैंड और बाबरी में अभियान चलाया। अभियान के दौरान महिलाओं, छात्राओं को सशक्तिकरण, साइबर क्राइम, धोखाधड़ी, छेड़खानी, बाल अपराध तथा सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
टीम की सदस्य ममता और प्रीति ने 1930 साइबर हेल्पलाइन, 1090 वूमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 108 एंबुलेंस सेवा आदि नंबरों की पूरी जानकारी दी और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ तथा मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना सहित अन्य योजनाओं के बारे में भी जागरूक किया।