सैटेलाइट की निगरानी में पकड़े गए चार किसान, पत्ती जलाने पर कार्रवाई

सैटेलाइट की निगरानी में पकड़े गए चार किसान, पत्ती जलाने पर कार्रवाई

संवाददाता शुभम मित्तल

कांधला।
क्षेत्र में गन्ने व धान की कटाई के बाद खेतों में पराली या पत्ती जलाने की पुरानी प्रवृत्ति अब किसानों के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है। प्रदूषण नियंत्रण को लेकर प्रशासन पूरी तरह सख्त हो चुका है। इसी कड़ी में सैटेलाइट की हाई-टेक निगरानी में चार किसानों द्वारा पराली जलाने की घटना चिन्हित होते ही प्रशासनिक मशीनरी हरकत में आ गई। लगातार हो रही कार्रवाइयों से क्षेत्र के किसान सहमे हुए हैं और खेतों में आग लगाने से पहले कई बार सोचने को मजबूर हैं।थाना क्षेत्र के गांव किवाना निवासी किसान हरेंद्र कुमार, नरेंद्र कुमार पुत्र महावीर, गुड्डू पुत्र धर्मेंद्र और बबीता पत्नी धर्मेंद्र के खेतों में गन्ने की फसल कटाई के बाद अवशेष जलाए जाने की सूचना सैटेलाइट प्रणाली से प्राप्त हुई। एनसीआर में वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए बनाई गई यह निगरानी प्रणाली धुएं के उठते गुबार को तुरंत ट्रैक कर लेती है।सूचना मिलते ही लेखपाल विजय कुमार तथा प्राविधिक सहायक विशु कुमार मौके पर पहुंचे। मौके पर किए गए निरीक्षण में पराली जलाने की पुष्टि होने पर लेखपाल ने विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर तहसीलदार कैराना अर्जुन सिंह को प्रेषित कर दी। प्रशासन ने नियमों के तहत चारों किसानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए कार्रवाई आरंभ कर दी है। कृषि अधिकारी जयदेव सिंह ने किसानों से अपील की है कि पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए किसी भी हालत में खेतों में आग न लगाएं, अन्यथा सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। लगातार बढ़ रहीं ऐसी घटनाओं पर अब पूरा क्षेत्र प्रशासन की पैनी नजर में है।
———–