तिरंगे के रंग में रंगा सेन्ट आर.सी. स्कूल, आजादी के अमृत उत्सव में गूंजे देशभक्ति के तराने
तिरंगे के रंग में रंगा सेन्ट आर.सी. स्कूल, आजादी के अमृत उत्सव में गूंजे देशभक्ति के तराने
Puneet Goel

कैराना। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सेन्ट आर.सी. सांईटिफिक कांवेंट स्कूल (10+2) में “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत आजादी का अमृत उत्सव धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही विद्यालय परिसर तिरंगे की शोभा और बच्चों के उत्साह से गुलजार रहा। छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा थामे, रंग-बिरंगे परिधानों में सजे, देशभक्ति के गीतों और नारों से माहौल को देशप्रेम के रंग में रंग दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई, जिसके बाद बच्चों ने तिरंगे के साथ विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कहीं समूह गान ने जोश भर दिया, तो कहीं नृत्य और नाटिकाओं ने सभी को भावुक कर दिया। विद्यालय निदेशक यशपाल पंवार ने विद्यार्थियों के जोश और प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि “देशभक्ति सिर्फ पर्व पर नहीं, बल्कि हर दिन हमारे दिलों में होनी चाहिए।” उन्होंने सभी को राष्ट्र के प्रति समर्पित रहने और भारतीय संस्कृति को संजोने का संदेश दिया।

इस अवसर पर लोकेन्द्र तोमर, प्रशान्त शर्मा, विवेक चौहान, प्रमोद कुमार, अमित वर्मा, प्रदीप कौशिक, शुभम कर्णवाल, अजेन्द्र सिंह, अमित तोमर, अजीत चौहान, मीनाक्षी चौधरी, कल्पना तोमर, संध्या शर्मा, ममता शर्मा, लीना, रूपांजली, रीतू चौहान समेत सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे और कार्यक्रम की सफलता में सहयोग दिया।

विद्यालय परिसर में गूंजते देशभक्ति के नारों और लहराते तिरंगों ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि नई पीढ़ी के दिलों में देशप्रेम की लौ प्रज्वलित है।

















































